चुनाव से पहले UKD में बिखराव ने बढ़ाई चिंता, आशुतोष नेगी को पार्टी से किया निष्कासित

देहरादून, 29 अगस्त, 26. उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उत्तराखंड क्रांति दल UKD ने बड़ा एक्शन लिया है.उत्तराखंड क्रांति दल ने पार्टी नेता आशुतोष नेगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. उत्तराखंड क्रांति दल ने आशुतोष नेगी को पार्टी से निष्कासित कर दिया है. आशुतोष नेगी को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते निष्कासित किया गया है.
उत्तराखंड क्रांति दल UKD से आशुतोष नेगी के निष्कासन के साथ ही उनकी प्राथमिक सदस्यता भी समाप्त कर दी गई है. निष्कासन से पहले उत्तराखंड क्रांति दल के अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने आशुतोष नेगी को बड़ी नसीहत दी थी. जिसका पालन नहीं करने पर आशुतोष नेगी को 6 साल के लिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है. आगामी चुनाव के मद्देनजर यूकेडी ने चुनाव लड़ने के इच्छुक सदस्यों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। केंद्रीय अनुशासन समिति के आदेश में यह भी कहा गया है कि आशुतोष नेगी की ओर से अभी तक कोई औपचारिक आवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया था। वहीं उनके रायपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की बात कहे जाने का भी पत्र में उल्लेख है।
चुनाव से ठीक पहले पार्टी में बिखराव की यह स्थिति यूकेडी के लिए गंभीर चुनौती मानी जा रही है। उत्तराखंड राज्य आंदोलन की राजनीति से अपनी पहचान बनाने वाले क्षेत्रीय दल के सामने पहले ही राष्ट्रीय दलों के बीच अपनी राजनीतिक जमीन बचाए रखने की चुनौती है। ऐसे में यदि चुनावी समय में संगठन के भीतर मतभेद और निष्कासन का दौर चलता है तो इसका राजनीतिक लाभ राष्ट्रीय दलों को मिलने की आशंका है।
बता दें आशुतोष नेगी रायपुर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे. ऐसे में चुनाव से पहले इसे बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है. इससे पहले UKD ने आशुतोष नेगी को केंद्रीय उपाध्यक्ष के पद से हटाया था. तब दल के केंद्रीय महामंत्री और केंद्रीय कार्यालय प्रभारी देव चंद उत्तराखंडी की ओर से इसे लेकर पत्र जारी किया गया था. जिसमें कहा गया था कि केंद्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर पार्टी शीर्ष नेतृत्व की ओर से लिए गए निर्णय के अनुसार आशुतोष नेगी को उत्तराखंड क्रांति दल में वर्तमान केंद्रीय उपाध्यक्ष के पद और अन्य दायित्वों से तत्काल प्रभाव से पद मुक्त किया जाता है.
इसके दो महीने बाद ही अब यूकेडी ने आशुतोष नेगी को पार्टी से निष्कासित कर दिया है. आशुतोष नेगी उत्तराखंड क्रांति दल के तेज तर्रार नेताओं में जाने जाते थे. वे अक्सर सड़क पर एक्श में दिखाई देते हैं.
UKD उत्तराखंड की एकमात्र क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टी
यूकेडी यानी उत्तराखंड क्रांति दल की स्थापना 25 जुलाई 1979 को हुई थी. ये राज्य की एकमात्र क्षेत्रीय पार्टी है. यूकेडी ने राज्य आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लिया था. इस पार्टी का उद्देश्य उत्तराखंड का सर्वांगीण विकास, राज्य के निवासियों के अधिकारों और स्थानीय संस्कृति को बचाए रखना था. हालांकि राज्य बनने के बाद यूकेडी छिटपुट सीटें जीतने के बाद बैकग्राउंड में चली गई. इसके लिए इसके नेताओं की अति महात्वाकांक्षा को जिम्मेदार बताया जाता है.



