
देहरादून, 2 मई। उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हो रही है, जिससे लोगों का सफर धीरे-धीरे आसान बनता जा रहा है. इसी दिशा में गढ़वाल लोकसभा से सांसद अनिल बलूनी ने एक अहम पहल की है. उन्होंने रामनगर को देहरादून से जोड़ने के लिए नई रेल सेवा शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं. इस संबंध में उन्होंने रेल मंत्री से मुलाकात कर प्रस्ताव रखा था.
जल्द हो सकती है औपचारिक घोषणा
उनका कहना है कि उत्तराखंड के लोगों का देश के अन्य शहरों से बेहतर संपर्क होना बेहद जरूरी है, जिससे आवागमन आसान हो सके और पर्यटन व स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिले. बताया जा रहा है कि रामनगर–देहरादून के बीच सीधी ट्रेन सेवा जल्द शुरू की जा सकती है. इस रेल सेवा के शुरू होने से खासकर गढ़वाल और कुमाऊं के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और समय की भी बचत होगी.
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने रेल मंत्री के समक्ष जनवरी में रखा था प्रस्ताव
गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के लिए यह एक बड़ी और सकारात्मक खबर है. अनिल बलूनी के प्रयासों से वर्षों पुरानी रेल कनेक्टिविटी की मांग जल्द पूरी हो सकती है. सांसद ने जनवरी में अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर रामनगर से देहरादून के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा था, जिसे अब स्वीकृति मिल चुकी है. इस ट्रेन सेवा के संचालन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है. इसके साथ ही रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र के लोगों के लिए भी राहत भरी खबर आई है.
पीरूमदारा में संपर्क क्रांति एक्स. ठहराव से बड़ी राहत
संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का ठहराव पीरूमदारा में शुरू हो गया है, जिससे स्थानीय यात्रियों को आवाजाही में काफी सुविधा मिल रही है. ये दोनों फैसले न केवल लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हैं, बल्कि पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेंगे.
गढ़वाल और कुमाऊं को मिलेगी नई दिशा
खासकर कुमाऊं और गढ़वाल के बीच बेहतर कनेक्टिविटी से पूरे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलने की संभावना है. इस उपलब्धि पर सांसद अनिल बलूनी ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधाओं के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे. वहीं रामनगर–देहरादून के बीच रेल चलने से रेल यात्रियों के लिए यह एक बड़ी सुविधा साबित हो सकती है.



