उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

अब रामनगर से ट्रेन पकड़कर सीधे पहुंचें देहरादून, रेल मंत्री ने दी नई रेल सेवा को मंजूरी

देहरादून, 4 मई। केंद्र सरकार ने रामनगर-देहरादून के बीच नई रेल सेवा के संचालन को हरी झंडी दे दी है। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने गढ़वाल सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी को भेजे पत्र में इस रेल सेवा को स्वीकृति दिए जाने की जानकारी दी है। सांसद बलूनी ने 5 जनवरी को रेल मंत्री से मुलाकात कर रामनगर और देहरादून के बीच सीधी रेल सेवा शुरू करने का आग्रह किया था।

गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने जताया रेल मंत्री का आभार
सांसद बलूनी ने जनवरी में रेल मंत्री से मुलाकात में रामनगर-देहरादून के बीच सीधी रेल सेवा प्रारंभ करने का आग्रह किया था। गढ़वाल सांसद बलूनी ने रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड की जनता की रेल सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार लगातार सकारात्मक और संवेदनशील रुख अपनाती रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में रेल नेटवर्क का निरंतर विस्तार हो रहा है और नई सेवाओं से लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल रही है।

कुमाऊं और गढ़वाल के बीच सीधी कड़ी का काम करेगी यह रेल सेवा
गढ़वाल (देहरादून) और कुमाऊं (रामनगर) के बीच सीधी नई रेल सेवा शुरू होने से लोगों को बार-बार ट्रेन बदलने के झंझट से मुक्त मिलेगी। इस सीधी ट्रेन से यात्रियों का जहां समय बचेगा वहीं उन्हें किराये में फायदा होगा। रामनगर और आसपास के लोंगों के लिए देहरादून के उच्च शिक्षण संस्थानों और बड़े अस्पतालों जैसे एम्स ऋषिकेश, या दून अस्पताल तक पहुंचना आसान हो जायेगा। इसके अलावा जिम कार्बेट नेशनल पार्क और मसूरी जैसे पर्यटन केंद्रों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ने से पर्यटन व्यवसाय को भी फायदा होगा।

उन्होंने बताया कि इससे पहले काठगोदाम-देहरादून के बीच नैनी दून एक्सप्रेस, कोटद्वार से नई दिल्ली रेल सेवा और देहरादून से लखनऊ के लिए ‘वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी सुविधाएं भी प्रदेश को मिल चुकी हैं।

सांसद बलूनी ने कहा कि रामनगर-देहरादून नई रेल सेवा शुरू होने से यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। इससे यात्रा का समय कम होगा, खर्च में कमी आएगी और क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने इसे उत्तराखंड के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Related Articles

Back to top button