उत्तराखंडबड़ी खबरशिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

पौड़ी के कमेड़ा गांव पहुंचीं डीएम ने चौपाल में सुनीं ग्रामीणों की समस्याओं का किया मौके पर समाधान

Listen to this article

पौड़ी, 22 मई। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने विकासखंड पौड़ी के अंतर्गत कमेड़ा गांव में आयोजित जन चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया। गांव पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का भव्य स्वागत किया।

अधिकांश शिकायतों का किया मौके पर निस्तारण
चौपाल में कुल 17 शिकायतें एवं मांगें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, सिंचाई, कृषि एवं आपदा से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। कंडारा गांव में पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त किए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित व्यक्ति की पहचान कर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। वहीं कोलापातल पंपिंग योजना का पानी कमेड़ा तक नहीं पहुंचने की शिकायत पर अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

जिलाधिकारी ने रैदुल एवं रछुली गांव के आपदा कार्यों को एसडीएमएफ में प्रस्तावित करने, मुर्गीबाड़े एवं गौशाला की लंबित धनराशि जारी करने, कंडारा इंटर कॉलेज में पेड़ कटान की कार्रवाई करने तथा दिव्यांग प्रमाण पत्र शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही घेरबाड़, चेकडैम एवं सोलर पंपिंग योजना को प्राथमिकता से संचालित करने और सिंचाई व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया।

इस दौरान “समलौंण आंदोलन” के तहत पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें जिलाधिकारी एवं ग्रामीणों ने सहभागिता की। जिलाधिकारी ने महिला कृषकों से संवाद कर उनकी कृषि गतिविधियों की जानकारी ली। महिला कृषकों द्वारा फूलों एवं सब्जियों के बीज उपलब्ध कराने की मांग पर कृषि एवं उद्यान विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पॉलीहाउस, मत्स्य तालाब एवं इंटीग्रेटेड फार्मिंग मॉडल का अवलोकन किया। प्रगतिशील कृषक प्रमोद खंडूरी ने मत्स्य पालन गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें मत्स्य विभाग से गिफ्ट तिलापिया प्रजाति की इकाई हेतु सब्सिडी प्राप्त हुई है। जिलाधिकारी ने चकबंदी आधारित इंटीग्रेटेड फार्मिंग मॉडल की सराहना करते हुए इसे किसानों के लिए प्रेरणादायक बताया।

उन्होंने अधिकारियों को अधिक से अधिक किसानों को सामूहिक खेती एवं स्वरोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही सोलर पंपिंग योजना शीघ्र शुरू करने, महिलाओं को समूह आधारित खेती एवं मत्स्य पालन गतिविधियों से जोड़ने तथा गांव के पुल पर सुरक्षा रेलिंग लगाने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए।

इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य कुसुम खंडूरी, ग्राम प्रधान शांति देवी, ग्राम प्रधान सुमन प्रसाद, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, बीडीओ दृष्टि आनंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button