‘कुमकुम भाग्य’ फेम संचिता उगाले ने लगाई फांसी, नालासोपारा स्थित घर में मिला शव

मुंबई, 15 जून। मशहूर टीवी धारावाहिक कुमकुम भाग्य फेम एक्ट्रेस संचिता उगाले के निधन की बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। केवल 22 साल की अभिनेत्री संचिता उगाले ने मुंबई के नालासोपारा में स्थित अपने आवास पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। संचिता टीवी और फिल्मों में अपने काम के लिए जानी जाती थीं, जिनमें ‘कुमकुम भाग्य’, ‘सजन घर’ और ‘दिलवाली दुल्हनिया ले जाएगी’ जैसे प्रोजेक्ट्स शामिल हैं’
माता-पिता और बहन के साथ रहती थी संचिता
आईएएनएस के मुताबिक, महाराष्ट्र के नालासोपारा ईस्ट में 22 साल की एक्ट्रेस संचिता उगाले अपने घर पर मृत पाई गईं. यह मामला आत्महत्या का है. अचोले पुलिस के अनुसार, 14 जून को वह अपने बेडरूम में मिलीं. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज की गई है और पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है. संचिता पालघर स्थित साईं संतोषी बिल्डिंग में अपने माता-पिता और बहन के साथ रहती थी।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, 22 साल की एक्ट्रेस ने नालासोपारा ईस्ट के आचोले गांव में साईं संतोषी बिल्डिंग स्थित अपने घर पर आत्महत्या कर ली. यह घटना 14 जून को शाम 7:00 बजे से 7:30 बजे के बीच हुई.
बेडरूम का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया था
आचोले पुलिस स्टेशन के असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर विनोद बाग ने बताया कि संचिता ने खुद को अपने बेडरूम में बंद कर लिया था और साड़ी से छत के पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली. सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग उन्हें वसई-विरार म्युनिसिपल हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से पहले जांच रिपोर्ट तैयार की.
हाईलेवल जांच की मांग
इस अचानक हुई घटना से पूरी टीवी और फिल्म इंडस्ट्री सदमे में है। आल इंडिया सिने वर्कर्स एसो. के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से इस मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग की है, ताकि मौत के पीछे की असली वजह और सभी पहलुओं को पारदर्शी तरीके से सामने लाया जा सके।
मौत से 21 घंटे पहले शेयर किया था आखिरी वीडियो
संचिता सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती थी। हैरानी की बात यह है कि अपनी मौत से महज 21 घंटे पहले उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक रील पोस्ट की थी, जिसमें वह एक गाने का डांस करती और बेहद खुश नजर आ रही थीं। इस वीडियो के सामने आने से उनके प्रशंसकों और सह कलाकारों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
करियर और पहचान
जी टीवी के लोकप्रिय शो कुमकुम भाग्य में उन्होंने दिया टंडन का किरदार निभाया था, जिसे उन्होंने अपने करियर का टर्निंग प्वाइंट बताया था। इसके अलावा वागले की दुनिया और दंगल टीवी के शो दिलवाली दुुलहा ले जायेगी में मुख्य भूमिका निभाई थी। इसके अलावा उन्होंने विक्की कौशल स्टारर आगामी ऐतिहासिक फिल्म छावा में युवा ताराबाई का किरदार निभाया था और वह साइलेंस2 वेब प्रोजेक्ट का भी हिस्सा रही थीं।
अधिकारियों ने कहा है कि सभी संभावित पहलुओं से विस्तृत जांच की जा रही है. मृतका के पिता मच्छिंद्र उगले की शिकायत के आधार पर आचोले पुलिस ने 15 जून को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट दर्ज की. पुलिस ने कहा कि घटना के सही कारण का अभी पता नहीं चल पाया है और आगे की जांच जारी है. इस खबर से टेलीविजन इंडस्ट्री सदमे में है और दिवंगत एक्ट्रेस के लिए शोक संदेश आ रहे हैं. घटना की परिस्थितियों के बारे में और जानकारी का इंतजार है.



