देश-विदेशबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

NEET UG RE-EXAM में बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य, तकनीकी दिक्कत पर भी परीक्षा की अनुमति

नई दिल्ली, 19 जून। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 21 जून 2026 को होने वाली NEET UG RE-EXAM के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं. एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर सभी अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन (फिंगरप्रिंट या फेस रिकॉग्निशन) किया जाएगा. हालांकि, यदि किसी तकनीकी कारण से बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं हो पाता है, तब भी अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी.

परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले होगा बायोमेट्रिक सत्यापन
NTA के अनुसार, दोबारा परीक्षा के दिन सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद प्रत्येक उम्मीदवार का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा. यह प्रक्रिया परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले पूरी करना होगा. इसका उद्देश्य परीक्षा की सुरक्षा और पारदर्शिता को और मजबूत बनाना है.

किन परिस्थितियों में मिलेगी छूट
NTA ने कुछ विशेष परिस्थितियों के लिए अपवाद प्रावधान भी रखा है. यदि किसी अभ्यर्थी का बायोमेट्रिक सत्यापन निम्न कारणों से पूरा नहीं हो पाता है, तो उसे परीक्षा देने से नहीं रोका जाएगा.

बायोमेट्रिक मशीन या उपकरण में खराबी
बायोमेट्रिक डेटा की गुणवत्ता खराब होना
UIDAI सर्वर से कनेक्टिविटी संबंधी समस्या
उम्मीदवार की शारीरिक स्थिति के कारण बायोमेट्रिक उपलब्ध न हो पाना

ऐसी स्थिति में उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र पर एक लिखित घोषणा (Undertaking) भरनी होगी. इसका निर्धारित प्रारूप परीक्षा केंद्र पर ही उपलब्ध कराया जाएगा.

परीक्षा के दौरान नहीं होगी कोई बाधा
NTA ने स्पष्ट किया है कि बायोमेट्रिक प्रक्रिया के कारण किसी भी उम्मीदवार की परीक्षा प्रभावित नहीं होगी. अभ्यर्थियों को परीक्षा के सक्रिय समय के दौरान परेशान नहीं किया जाएगा. यदि जरूरत हुई तो बायोमेट्रिक प्रक्रिया परीक्षा शुरू होने से पहले या परीक्षा समाप्त होने के बाद पूरी की जाएगी.

दोपहर 2 बजे से शुरू होगी परीक्षा
पुनर्परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगा. वहीं, PwD/PwBD श्रेणी के उन उम्मीदवारों को जिन्हें अतिरिक्त समय की सुविधा मिली है, उनकी परीक्षा अवधि शाम 6:20 बजे तक बढ़ाई जाएगी. परीक्षा के दौरान निगरानी और अन्य औपचारिकताएं निर्धारित नियमों के अनुसार जारी रहेंगी.

उम्मीदवारों से सहयोग की अपील
NTA ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा केंद्र के कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों के साथ पूरा सहयोग करने का आग्रह किया है. एजेंसी ने कहा है कि बिना किसी वैध और दस्तावेजी कारण के बायोमेट्रिक सत्यापन से इनकार करना परीक्षा नियमों का उल्लंघन माना जाएगा. ऐसी स्थिति में उम्मीदवार के खिलाफ Public Examinations (Prevention of Unfair Means) Act, 2024 के तहत कार्रवाई की जा सकती है.

सहायता के लिए करे संपर्क
यदि किसी उम्मीदवार को NEET UG 2026 पुनर्परीक्षा से संबंधित कोई जानकारी या स्पष्टीकरण चाहिए तो वह एनटीए हेल्पडेस्क के हेल्पलाइन नंबर 011-40759000, 011-69227700 संपर्क कर सकता है या neetug2026@nta.ac.in पर ई-मेल कर सकते हैं.

Related Articles

Back to top button