UP बोर्ड 2027 की परीक्षाओं के लिए पंजीकरण शुरू, 16 अगस्त तक अपलोड होगा डेटा

लखनऊ, 19 जून। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने साल 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के लिए संस्थागत परीक्षार्थियों के आवेदन पत्र ऑनलाइन अपलोड करने की समय-सारिणी जारी कर दी है. परिषद के सचिव भगवती सिंह की तरफ से जारी विज्ञप्ति के अनुसार सभी विद्यालयों को निर्धारित समय सीमा के भीतर छात्रों का विवरण एवं परीक्षा शुल्क परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपलोड करना होगा.
परीक्षा शुल्क का विवरण
संस्थागत हाईस्कूल 500.75 तथा इंटरमीडिएट 600.75 तथा व्यक्तिगत छात्रों के लिए हाईस्कूल 700.75 तथा इंटरमीडिएट 800 निर्धारित किया गया है। (नोट अतिरिक्त विषयों के लिए अलग से शुल्क देय होगा)।
स्कूलों द्वारा प्रवेश लेने और परीक्षा शुल्क जमा करने की अतिम तिथि 5 अगस्त
जारी कार्यक्रम के अनुसार विद्यालयों के प्रधानाचार्य 5 अगस्त 2026 तक कक्षा 10 और 12 के विद्यार्थियों का प्रवेश लेकर उनसे परीक्षा शुल्क प्राप्त कर सकेंगे. इसके बाद 10 अगस्त 2026 तक समस्त परीक्षा शुल्क लम्प सम चालान के माध्यम से कोषागार में जमा करना होगा. शुल्क जमा करने के बाद विद्यालयों को 16 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे तक छात्रों के शैक्षिक विवरण और शुल्क संबंधी जानकारी परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी.
100 रुपये विलम्ब शुल्क के साथ परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 16 अगस्त
परिषद ने विलंब शुल्क के साथ भी आवेदन की व्यवस्था की है. 10 अगस्त के बाद प्रति छात्र 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षा शुल्क 16 अगस्त तक जमा किया जा सकेगा. वहीं लेट शुल्क सहित अभ्यर्थियों का विवरण 20 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि तक ऑनलाइन अपलोड किया जा सकेगा.
अपलोड किये गये विवरणों को जांचने की तिथि 21-31 अगस्त
ऑनलाइन अपलोड किए गए विवरणों की चेकलिस्ट 21 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक विद्यालयों को उपलब्ध कराई जाएगी. इस अवधि में विद्यालयों द्वारा नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, विषय, फोटो और अन्य विवरणों का मिलान किया जाएगा. यदि किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक हो तो 1 सितंबर से 10 सितंबर 2026 तक केवल संशोधन किए जा सकेंगे. इस दौरान नए छात्रों का विवरण अपलोड नहीं किया जाएगा.
विद्यालयों को पंजीकृत अभ्यर्थियों की फोटोयुक्त नामावली और कोषपत्र की प्रति 30 सितंबर 2026 तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करनी होगी. वहीं बात करें परीक्षा शुल्क विवरण का तो संस्थागत हाईस्कूल परीक्षा के लिए शुल्क 500.75 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि संस्थागत इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 600.75 रुपये शुल्क तय किया गया है. व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए हाईस्कूल परीक्षा शुल्क 700.75 रुपये और इंटरमीडिएट परीक्षा शुल्क 800 रुपये निर्धारित किया गया है. अतिरिक्त विषयों के लिए अलग से शुल्क देय होगा.
यूपी बोर्ड ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि छात्रों के नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, जेंडर, विषय और अन्य विवरणों का भली-भांति सत्यापन करने के बाद ही उन्हें वेबसाइट पर अपलोड किया जाए. परिषद ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की त्रुटि या विसंगति के लिए संबंधित प्रधानाचार्य एवं कक्षाध्यापक उत्तरदायी होंगे.



