अदार पूनावाला और मित्तल परिवार के हाथों में गयी राजस्थान रायल्स की कमान, 15,660 करोड़ में डील पक्की

स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है. राजस्थान रॉयल्स को 15,660 करोड़ रुपये में बेच दिया गया है. लक्ष्मी एन. मित्तल और आदित्य मित्तल ने रविवार (3 मई) को घोषणा की कि मनोज बदाले और उनके समूह से राजस्थान रॉयल्स को खरीदने के लिए आदर पूनावाला के साथ साझेदारी में एक समझौता हो गया है.
यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद, राजस्थान रॉयल्स में मित्तल परिवार की हिस्सेदारी लगभग 75 प्रतिशत होगी, जबकि आदर पूनावाला की हिस्सेदारी लगभग 18 प्रतिशत होगी. बाकी लगभग 7 प्रतिशत हिस्सेदारी मौजूदा मालिक के पास रहेगी, जिनमें मनोज बदाले भी शामिल हैं.
पार्ल रॉयल्स, बारबाडोस रॉयल्स और राजस्थान रायल्स के हुए मालिक
इस डील के तहत मित्तल परिवार और आदर पूनावाला तीन क्रिकेट टीम के मालिक बन गए हैं. जिसमें IPL टीम के अलावा, राजस्थान रॉयल्स की दक्षिण अफ्रीकी लीग में ‘पार्ल रॉयल्स’ टीम और कैरिबियन प्रीमियर लीग में ‘बारबाडोस रॉयल्स’ टीम भी शामिल हैं. इस सौदे की कीमत लगभग 1.65 अरब डॉलर (15,660 करोड़) है, जो राजस्थान रॉयल्स की पुरुषों की फ्रेंचाइजी, पार्ल रॉयल्स और बारबाडोस रॉयल्स के कुल मूल्य को दर्शाती है.
कौन है मित्तल परिवार?
मित्तल परिवार (Lakshmi Mittal Family) दुनिया में स्टील किंग के रूप में प्रसिद्ध है, जिसका नेतृत्व लक्ष्मी निवास मित्तल करते हैं. वो आर्सेलर मित्तल के माध्यम से दुनिया के सबसे बड़े स्टील निर्माता हैं. लक्ष्मी मित्तल का जन्म राजस्थान (सादुलपुर) में हुआ, लेकिन वो 1995 में लंदन शिफ्ट हो गए, जहां उन्होंने अपना साम्राज्य खड़ा किया. लक्ष्मी मित्तल दुनिया के सबसे अमीर लोगों में गिने जाते हैं और ब्रिटेन के सबसे धनी एशियाई लोगों में से एक हैं.
आदर पूनावाला के बारे में…
अदार पूनावाला (Adar Poonawalla) भारत के एक प्रमुख व्यवसायी और मेडिकल लाइनल में सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) हैं. उन्हें मुख्य रूप से कोविड-19 महामारी के दौरान कोविशील्ड (Covishield) वैक्सीन के उत्पादन और वितरण में उनकी भूमिका के लिए जाना जाता है.
लक्ष्मी निवास मित्तल ने क्या कहा?
इस बड़ी डील के बाद लक्ष्मी निवास मित्तल ने एक बयान में कहा, ‘मुझे क्रिकेट बहुत पसंद है और मेरा परिवार राजस्थान से है, इसलिए IPL में राजस्थान रॉयल्स के अलावा ऐसी कोई दूसरी टीम नहीं है जिसका मैं हिस्सा बनना चाहूं… कई महान खिलाड़ियों ने राजस्थान रॉयल्स की जर्सी पहनी है, जिनमें इस खेल के ऐसे भारतीय दिग्गज भी शामिल हैं जो युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा रहे हैं. मैं इस महान टीम का हिस्सा बनने के लिए बहुत उत्साहित हूं, और मैं अपने भविष्य की सफलताओं पर खुशी मनाने के लिए सभी प्रशंसकों के साथ मैदान के किनारे शामिल होने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं.’
राजस्थान रॉयल्स के दूसरे मालिक आदर पूनावाला ने कहा, ‘मुझे इस निवेश में आदित्य मित्तल के साथ साझेदारी करके बहुत खुशी हो रही है. राजस्थान रॉयल्स एक बेहतरीन IPL फ्रेंचाइजी है जिसकी एक मजबूत विरासत है, और मैं इसके लगातार विकास और लंबे समय तक चलने वाली सफलता में सहयोग करने के लिए उत्सुक हूं.’



