क्रिकेट का नया ‘सूर्यवंशी’, कोहली-अभिषेक का रिकॉर्ड ध्वस्त, अब क्रिस गेल के रिकॉर्ड पर नजर

स्पोर्ट्स डेस्क। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में रिकॉर्ड तोड़ने का अपना सिलसिला जारी रखे हुए हैं. इसी कड़ी में, राजस्थान रॉयल्स के ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने IPL में छक्कों का एक नया रिकॉर्ड बनाया है. वह IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं.
वैभव ने 17 मई को अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ राजस्थान के मैच के दौरान यह उपलब्धि हासिल की. सूर्यवंशी ने मैच में 21 गेंदों में 46 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें तीन छक्के भी शामिल थे. इसके साथ इस सीजन में उनके छक्कों की कुल संख्या 43 हो गई. जिसके साथ एक ही सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
इससे पहले ये रिकॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद के ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के नाम था. उन्होंने 2024 के सीजन में कुल 42 छक्के लगाए थे. इसके अलावा वैभव ने श्रेयस अय्यर (2025 में 39) और विराट कोहली (2016 में 38) द्वारा बनाए गए पिछले भारतीय रिकॉर्डों को भी पीछे छोड़ दिया.
IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बने वैभव सूर्यवंशी
43 – वैभव सूर्यवंशी (2026)
42 – अभिषेक शर्मा (2024)
39 – श्रेयस अय्यर (2025)
38 – विराट कोहली (2016)
38 – विराट कोहली (2024)
38 – सूर्यकुमार यादव (2025)
क्या गेल का भी टूटेगा रिकॉर्ड ?
भारतीय बल्लेबाजों का रिकॉर्ड तोड़ने के बाद क्या वैभव IPL के एक ही सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी तोड़ पाएंगे. जो क्रिस गेल के नाम दर्ज है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के इस पूर्व बल्लेबाज ने 2012 के सीजन में कुल 59 छक्के लगाए थे. सूर्यवंशी के पास अब इस अंतर को और कम करने के लिए कम से कम दो लीग मैच बाकी हैं, जबकि राजस्थान रॉयल्स के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना उन्हें गेल के लंबे समय से चले आ रहे रिकॉर्ड को चुनौती देने के और भी मौके दे सकती है.
एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी
59 – क्रिस गेल (2012)
52- आंद्रे रसेल (2019)
51 – क्रिस गेल (2013)
45 – जोस बटलर (2022)
राजस्थान रॉयल्स को अपने पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स से पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा. लेकिन वो अभी भी प्लेऑफ में जगह बनाने की दौड़ में है. उनके 12 मैच में 12 अंक हैं और वह तालिका में छठे स्थान पर हैं.



