उत्तराखंडक्राइमबड़ी खबरशिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

कोटद्वार में अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन का डंडा, काशीरामपुर क्षेत्र से सड़क किनारे की झोपड़ियां हटाई

कोटद्वार, 24 मई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त नीति के तहत जनपद पौड़ी गढ़वाल में प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी के निर्देशों पर कोटद्वार के काशीरामपुर क्षेत्र में प्रशासन ने सड़क किनारे बने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए झोपड़ियों को हटाया।

तहसील प्रशासन और पुलिस ने सड़क किनारे बनी झोपड़ियों को हटाया
जानकारी के अनुसार, पूर्व में जिलाधिकारी द्वारा काशीरामपुर क्षेत्र का निरीक्षण किया गया था, जिसके बाद उपजिलाधिकारी को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के अनुपालन में एसडीएम संदीप कुमार के नेतृत्व में तहसील प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और अभियान चलाकर सड़क किनारे बनाई गई झोपड़ियों को हटाने की कार्रवाई की।

इस दौरान तहसीलदार एवं पुलिस अधिकारियों ने वहां अस्थायी रूप से रह रहे खानाबदोश परिवारों को क्षेत्र खाली करने के निर्देश दिए तथा भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी भी दी।

सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं
एसडीएम संदीप कुमार ने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से सार्वजनिक स्थलों एवं सड़क किनारे किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था, सार्वजनिक सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button